
अवैध खनन पर जिला प्रशासन सख्त, सीधे कार्रवाई के निर्देश
40 प्रकरण दर्ज, 6 लाख से अधिक अर्थदण्ड राशि भी हुई जमा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन, खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर संयुक्त कार्रवाई करने तथा अवैध खनन गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने पर जोर दिया गया। सहायक खनि अधिकारी बबलू पाण्डेय ने बताया कि विगत वित्तीय वर्ष में जिले को निर्धारित 350 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 609.70 लाख रुपये का खनिज राजस्व प्राप्त हुआ जो निर्धारित लक्ष्य से काफी अधिक है। उन्होंने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 15 मई 2026 तक अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के मामलों में खान एवं खनिज अधिनियम 1957 के तहत कुल 40 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से 31 प्रकरणों का निराकरण कर 6 लाख 14 हजार 675 रुपये की अर्थदण्ड राशि खनिज मद में जमा कराई जा चुकी है, जबकि शेष मामलों में कार्रवाई जारी है। कलेक्टर चंद्रवाल ने अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्माणी विभागों को शासकीय निर्माण कार्यों से प्राप्त रॉयल्टी राशि प्रत्येक तिमाही में अनिवार्य रूप से जमा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन एवं परिवहन से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले वाहनों के विरुद्ध वन नियमों के तहत राजसात की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।