
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में युवाओं और महिला समूहों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रैम्प योजना अंतर्गत आयोजित उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी लीप बैच-7) का समापन शासकीय कन्या शाला खैरागढ़ में हुआ। यह प्रशिक्षण 5 मई से 18 मई तक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 30 प्रतिभागियों, नए उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह सदस्यों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान व्यवसाय स्थापना, प्रबंधन, सरकारी योजनाओं और एमएसएमई क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित व्यवसाय, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज, हस्तशिल्प, पर्यटन और सेवा क्षेत्र से जुड़े रोजगार अवसरों पर प्रशिक्षण दिया। साथ ही ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) से संबंधित संभावनाओं की भी जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान 15 प्रतिभागियों का उद्यम पोर्टल में पंजीयन कराया गया तथा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समापन अवसर पर मास्टर ट्रेनर रोहित शर्मा ने विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के संचालन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


