KCG

जालबांधा ग्रामीण बैंक में तकनीकी खामी से बैंकिंग व्यवस्था ठप, नौ दिनों से ग्राहक हो रहे परेशान

सत्यमेव न्यूज जालबांधा। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की जालबांधा शाखा में पिछले नौ दिनों से तकनीकी खराबी के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हैं। कंप्यूटर सिस्टम बंद होने से नकद निकासी सहित अन्य आवश्यक सेवाएं बाधित हो गई हैं जिससे क्षेत्र के किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और आम उपभोक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। खरीफ सीजन के बीच किसानों को कृषि कार्यों के लिए तत्काल नकदी की जरूरत है। कई किसान डीजल खरीदने और अन्य कृषि खर्चों के लिए बैंक पहुंचे लेकिन लेनदेन नहीं होने से उन्हें बिना राशि निकाले लौटना पड़ा। वहीं, अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक सामग्री खरीदने में भी दिक्कतें आ रही हैं। नकदी संकट का असर स्थानीय बाजार और छोटे व्यापारियों के कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। ग्राहकों का कहना है कि बैंक प्रबंधन पिछले कई दिनों से तकनीकी समस्या जल्द दूर होने का भरोसा दे रहा है लेकिन अब तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित गति से प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। जालबांधा क्षेत्र में यह एकमात्र बैंक शाखा होने के कारण हजारों खाताधारक इसी पर निर्भर हैं। लगातार बाधित बैंकिंग सेवाओं से आमजन को आर्थिक और दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल तकनीकी खामी दूर कर नियमित बैंकिंग सेवाएं बहाल करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page