KCG

छुईखदान में बारिश भी नहीं रोक खिलाड़ियों के खेल का जुनून

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। लगातार हो रही बारिश के बीच भी क्षेत्र के युवाओं का खेल के प्रति उत्साह देखने लायक रहा। केकती बाड़ी मैदान में जलभराव के बावजूद आयोजित वॉलीबॉल मुकाबले में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। बारिश के कारण मैदान कई स्थानों पर पानी से लबालब था लेकिन इससे खिलाड़ियों का हौसला नहीं डिगा। फिसलन भरे मैदान में भी उन्होंने बेहतरीन स्मैश सटीक ब्लॉक और शानदार बचाव का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को अंत तक रोमांचक बनाए रखा। हर अंक के साथ दर्शकों की तालियां और उत्साह खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते रहे। स्थानीय लोगों ने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी खेल के प्रति ऐसा समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका मानना है कि इस तरह के आयोजन युवाओं को न केवल खेलों से जोड़ते हैं बल्कि उनमें अनुशासन टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। केकती बाड़ी मैदान में खेला गया यह मुकाबला साबित करता है कि सच्चे खिलाड़ियों के लिए मौसम नहीं बल्कि खेल के प्रति जुनून सबसे बड़ा होता है। बारिश के बीच आयोजित यह प्रतियोगिता लंबे समय तक खिलाड़ियों और दर्शकों की यादों में बनी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page