KCG

छत्तीसगढ़ को रेल विकास की बड़ी सौगात, डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन को मिली स्वीकृति

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश की बहुप्रतीक्षित डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रदेश में रेल अधोसंरचना के विस्तार, नई रेल लाइनों के विकास तथा दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान बस्तर संभाग के लिए भी दो नई रेल लाइन परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने की जानकारी सामने आई जिससे प्रदेश के आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। बताया गया कि डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन की मांग राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय लगातार लोकसभा सहित विभिन्न मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं। लंबे समय से लंबित इस परियोजना को स्वीकृति मिलने से राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली और कोरबा सहित व्यापक क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। विशेषज्ञों के अनुसार इस रेल परियोजना के क्रियान्वयन से औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार, पर्यटन, कृषि परिवहन और स्थानीय रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की संभावना है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसे विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page