Uncategorized

घोटिया-टोलागांव के बीच सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी

पास में खड़ी मिली मोटरसाइकिल; मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद

खैरागढ़। दीपावली की शाम खैरागढ़-डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर ग्राम घोटिया और टोलागांव के बीच सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम मासूल निवासी धर्मेंद्र पाल के रूप में हुई है। घटनास्थल पर शव के पास ही उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एटी 5612 खड़ी मिली वहीं मौके से ज्वेलरी शॉप की एक रसीद और बैग भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और खैरागढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

सुबह सड़क किनारे बैठा नजर आया था युवक

घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों ने युवक को मुख्य मार्ग के किनारे बैठे देखा था। ग्रामीणों ने जब उससे पूछताछ की तो उसने स्वयं को नाचा पार्टी से जुड़ा बताया और कहा कि रात में कार्यक्रम होने के कारण उसकी नींद पूरी नहीं हुई है। थकान के चलते वह सड़क किनारे बैठकर आराम कर रहा है। इसके बाद ग्रामीण वहां से चले गए।*शाम को उसी स्थान पर बेसुध मिला मृतक*शाम के समय जब ग्रामीण दोबारा उसी रास्ते से गुजरे तो युवक उसी स्थान पर बेसुध हालत में पड़ा मिला। आवाज लगाने और काफी प्रयास करने के बावजूद जब उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा

परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए खैरागढ़ भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। घटनास्थल से मिली मोटरसाइकिल, बैग और रसीद को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page