ग्रामीणों और किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कलेक्टर से की चर्चा, त्वरित समाधान की मांग

जनहित एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन से समयबद्ध कार्रवाई का आग्रह

कलेक्टर ने सकारात्मक पहल का दिया भरोसा
सत्यमेव न्यूज़ डोंगरगढ़। क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों एवं आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न जनहित और विकास संबंधी मुद्दों को लेकर डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने मंगलवार को ग्रामीणों, किसानों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव से सौजन्य मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को गंभीरता से रखते हुए उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण की मांग की गई। बैठक में विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, किसानों की समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे क्षेत्रवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा की कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि आम लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। इस अवसर पर राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव ने विधायक द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपनी अपेक्षाएं प्रशासन के समक्ष रखी।
