KCG

गंडई में गडरिया समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न

सत्यमेव न्यूज गंडई। छत्तीसगढ़ प्रदेश गडरिया (धनगर/ढेंगर) समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक गंडई स्थित रुमझुम रेस्टोरेंट के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में समाज के संगठनात्मक विस्तार शिक्षा सामाजिक विकास और सामाजिक भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष टारकेश्वर लाल खुसरो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गडरिया समाज का इतिहास पशुपालन जल जंगल और जमीन से जुड़ा रहा है तथा समाज आज शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समाज की प्रगति में शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गंडई के अध्यक्ष शत्रुघ्न मन्नू चंदेल ने समाज की एकजुटता और विकास के लिए कार्य कर रहे पदाधिकारियों व समाजजनों की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद राम धनकर ने नगर पंचायत क्षेत्र में गडरिया समाज के सामाजिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने संबंधी मांगपत्र सौंपा। इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष टारकेश्वर लाल खुसरो ने नियमानुसार आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया है। बैठक की शुरुआत लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर सामूहिक पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। समाज की ओर से अतिथियों का श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सर्व गडरिया समाज महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय हंसा, प्रदेश संरक्षक चंद्रपाल धनगर सहित प्रदेश, जिला, युवा एवं महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेश पाली ने किया जबकि आभार प्रदर्शन पुरुषोत्तम पाल ने व्यक्त किया। आयोजन की जानकारी नारायण पाली एवं निरंजन धनकर ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page