सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बदलते मौसमीय परिस्थितियों और खरीफ सीजन के दौरान संभावित चुनौतियों को देखते हुए रानी अवंती बाई लोधी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र छुईखदान में कृषकों के लिए ‘कृषक सूचना एवं सलाह केंद्र’ की स्थापना की जा रही है। इस केंद्र का शुभारंभ 10 जुलाई 2026 से होगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग पुणे के अनुसार वर्ष 2026 में सामान्य वार्षिक वर्षा की तुलना में लगभग छह प्रतिशत कम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में मानसून के विलंब से आगमन समय से पहले समाप्त होने तथा फसल अवधि के दौरान लंबे समय तक वर्षा नहीं होने जैसी परिस्थितियां किसानों के सामने आ सकती हैं। इन्हीं संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर वैज्ञानिक एवं तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। कृषक सूचना एवं सलाह केंद्र के माध्यम से किसान सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच दूरभाष क्रमांक 07743-299060 पर संपर्क कर फसल कीट-रोग नियंत्रण पोषण प्रबंधन तथा अन्य कृषि संबंधी समस्याओं पर महाविद्यालय के वैज्ञानिकों से विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त कर सकेंगे वहीं जटिल समस्याओं के समाधान के लिए किसान महाविद्यालय पहुंचकर वैज्ञानिकों से सीधे चर्चा कर तकनीकी मार्गदर्शन भी ले सकेंगे। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एके गुप्ता ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर बदलती मौसमीय परिस्थितियों में अपनी फसलों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करें।

