

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए अवैध शराब बिक्री और परिवहन में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन अलग अलग मामलों में कुल 18 लीटर गोवा शराब जब्त की है जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई जा रही है वहीं परिवहन में उपयोग की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं जिनकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 मई को थाना खैरागढ़ और चौकी जालबांधा की संयुक्त टीम ने अलग अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। पहली कार्रवाई धैरमपुरा चौक के पास की गई जहां आरोपी अजय मोटवानी निवासी किल्लापारा खैरागढ़ को 20 नग गोवा प्लेन अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी कार्रवाई चौकी जालबांधा क्षेत्र के ग्राम पवनतरा में हुई है। यहां पुलिस ने सीताराम योगरे निवासी बिल्हरी थाना ठेलकाडीह को 25 नग गोवा प्लेन शराब के साथ पकड़ा। आरोपी शराब की अवैध बिक्री और परिवहन कर रहा था। पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त किया है। तीसरी कार्रवाई जालबांधा तिराहा में की गई। पुलिस ने पिकेट लगाकर तुषार पटेल और रोशन योगी दोनों निवासी दाउचौरा खैरागढ़ को 55 नग गोवा शराब का परिवहन करते पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब बिक्री और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



