
चार बार मुनादी के बाद भी नहीं शुरू हुई चरवाही व्यवस्था
अस्थायी कांजी हाउस बनाने की तैयारी अपूर्ण
सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। क्षेत्र में अनियंत्रित मवेशियों के कारण किसानों की फसलें लगातार नुकसान झेल रही हैं। खेतों में बोई गई धान एवं मौसमी सब्जियों की फसलें आवारा पशुओं की चपेट में आ रही हैं जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि कर्ज लेकर और महंगे बीज-खाद खरीदकर तैयार की गई फसलें कुछ ही समय में बर्बाद हो रही हैं। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मवेशियों के खेतों में घुसने की समस्या गंभीर होती जा रही है। ग्रामीण इलाकों में जहां अधिकांश स्थानों पर चरवाही व्यवस्था शुरू हो चुकी है वहीं नगर क्षेत्र में अब तक यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है। इसके चलते पशु खुलेआम सड़कों और खेतों में घूम रहे हैं। नगर पंचायत प्रशासन ने पशुओं को नियंत्रित करने और चरवाही व्यवस्था शुरू कराने के लिए चार बार मुनादी कराई लेकिन अब तक इसका अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाया है। किसानों का कहना है कि जब तक चरवाही व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू नहीं होगी तब तक फसलों को नुकसान से बचाना मुश्किल होगा। राजस्व निरीक्षक कमल किशोर नेताम ने बताया कि चरवाही व्यवस्था शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक-1 में अस्थायी कांजी हाउस बनाए जाने की तैयारी भी की जा रही है ताकि खुले घूमने वाले मवेशियों को वहां रखा जा सके। किसानों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर चरवाही व्यवस्था लागू करने और अनियंत्रित पशुओं पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है जिससे खरीफ सीजन की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

