KCGछत्तीसगढ़पॉलिटिक्स

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जिला मुख्यालय में जम्बो प्रदर्शन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दाम और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले रविवार को खैरागढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया गया। जनहित से जुड़े इस मुद्दे को लेकर आयोजित विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर रविवार को शाम 5 बजे नगर के हृदय स्थल अंबेडकर चौक में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मोटर साइकिल रैली निकाली जो अंबेडकर चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए इतवारी बाजार तक पहुंची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ आवाज बुलंद की। पूरे मार्ग में प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिला अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है जिससे गरीब, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। विशेष रूप से रसोई गैस के बढ़ते दामों ने महिलाओं और परिवारों पर अतिरिक्त भार डाला है। साहू ने कहा कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए गए तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। प्रदर्शन में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page