
पिकअप और ब्रेजा कार समेत लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

फ़ौरी कार्यवाही के बाद आरोपियों को भेजा गया जेल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गातापार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मवेशियों को अवैध परिवहन से मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप वाहन एक ब्रेजा कार मोबाइल फोन और मवेशी समेत लगभग 19.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग भैंसों और एक पड़वा को पिकअप वाहन में ठूंसकर महाराष्ट्र की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर गातापार पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान पिकअप में तीन भैंस और एक पड़वा अत्यंत खराब स्थिति में मिले। मवेशियों को रस्सियों से बांधा गया था तथा उनके लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। वाहन में सवार गुलशन साहू (23) निवासी छिपली जिला धमतरी तथा रेयन कुमार बघेल (19) निवासी मगरलोड जिला धमतरी से पूछताछ की गई। दोनों ने बताया कि आगे चल रही ब्रेजा कार में सवार व्यक्ति के निर्देश पर मवेशियों को महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।

इसके बाद पुलिस ने ब्रेजा कार को भी रोककर जांच की। कार चालक टिकम वर्मा (18) निवासी चंद्रखुरी मुनगी जिला रायपुर से मवेशियों के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मवेशी, रस्सिया सीजी 04 पीजेड 0646 क्रमांक की मैक्स पिकअप सीजी 04 पीवाय 3317 क्रमांक की ब्रेजा कार तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 19 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में गातापार थाना में अपराध क्रमांक 39/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


