Uncategorized

अवैध धान कारोबार पर जिला प्रशासन का शिकंजा बरकरार, 65 मामलों में 3311 क्विंटल से अधिक धान जब्त

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 65 प्रकरणों में 3311.60 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है। जब्त धान की अनुमानित बाजार कीमत 66 लाख 22 हजार रुपये बताई जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि जिले के उपार्जन केंद्रों में बाहरी राज्यों से लाए गए धान की खरीदी किसी भी स्थिति में न हो। इसी उद्देश्य से खाद्य, राजस्व, कृषि, मंडी एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त टीमों के साथ उड़नदस्ता दलों को सक्रिय किया गया है जो जिलेभर में लगातार जांच और निगरानी कर रहे हैं। हाल ही में की गई कार्रवाई में जय शक्ति ट्रेडर्स, जलबांधा से 85 कट्टा तथा हे राम ट्रेडर्स, मरकाटोला से 80 कट्टा धान को अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़ा गया। दोनों मामलों में नियमानुसार जब्ती और आगे की कार्रवाई की जा रही है। अवैध धान परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने टोल फ्री नंबर 9407957350 भी जारी किया है। इस नंबर पर आम नागरिक अवैध धान खरीदी-बिक्री या परिवहन से जुड़ी जानकारी सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध धान कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। जिला खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अपने पंजीकृत रकबे में वास्तविक रूप से उत्पादित धान का ही विक्रय करें ताकि किसी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page