
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के निर्देश पर हो रहा चुनाव
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड रायपुर के निर्देशानुसार जामा मस्जिद खैरागढ़ में अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए गए है। यह प्रक्रिया अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खैरागढ़ के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। चुनाव समिति द्वारा स्क्रूटनी के बाद अध्यक्ष पद के लिए पात्र पाए गए। अध्यक्ष उम्मीदवार अरशद हुसैन और मोहम्मद अय्यूब सोलंकी को पर्ची निकालकर चुनाव चिन्ह प्रदान किए गए। इससे पहले दोनों उम्मीदवारों को चयन के लिए छह संभावित चुनाव चिन्ह दिखाए गए जिनमें से आपसी सहमति से दो चिन्ह तय किए गए। इसके बाद दोनों चिन्हों की पर्चियां एक बॉक्स में रखकर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। पर्ची निकलने पर अरशद हुसैन को मुसाफा हाथ मिलाता हुआ चुनाव चिन्ह मिला जबकि मोहम्मद अय्यूब सोलंकी को “दो पत्ती” चुनाव चिन्ह आबंटित हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान दोनों उम्मीदवारों ने सौहार्द और भाईचारे का परिचय देते हुए एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 9 मई 2026 शनिवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव संबंधी विस्तृत जानकारी जामा मस्जिद के सूचना बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है तथा जुमा की नमाज के दौरान भी इसकी घोषणा की गई है।