KCGछत्तीसगढ़

20 मई को बंद रहेगा दवा व्यापार, जिले में चुनिंदा मेडिकल स्टोर देंगे आपातकालीन सेवाएं

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। देशभर में 20 मई 2026 को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का असर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भी देखने को मिलेगा। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स तथा छत्तीसगढ़ केमिस्ट्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के आह्वान पर जिले की अधिकांश मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी। जिला दवा विक्रेता संघ ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पूर्व सूचना देते हुए जनहित में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ के अनुसार देशभर के करीब 12 लाख से अधिक दवा विक्रेता और वितरक लंबे समय से औषधि व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार से मांग कर रहे हैं लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। इसी के विरोध में यह बंद आयोजित किया जा रहा है। संघ ने अवैध ई-फार्मेसी संचालन पर रोक लगाने 28 अगस्त 2018 की अधिसूचना जीएसआर 817 (ई) वापस लेने कॉरपोरेट कंपनियों की प्रिडेटरी प्राइसिंग नीति पर नियंत्रण तथा 26 मार्च 2020 की अधिसूचना जीएसआर 220 (ई) को निरस्त करने की मांग उठाई है। दवा विक्रेताओं का कहना है कि अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री और अत्यधिक छूट आधारित व्यापार व्यवस्था से पारंपरिक औषधि वितरण प्रणाली प्रभावित हो रही है।

इससे बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग नकली पर्चों के इस्तेमाल और गलत भंडारण वाली दवाओं के प्रसार जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। संगठन ने एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस को भी गंभीर चिंता का विषय बताया है। संघ ने कोविड-19 महामारी के दौरान जारी अधिसूचना जीएसआर 220 (ई) के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में यह अधिसूचना अप्रासंगिक हो चुकी है लेकिन कई स्थानों पर इसका इस्तेमाल अब भी किया जा रहा है। बंद के दौरान आम लोगों को दिक्कत न हो इसके लिए जिले के तीनों प्रमुख क्षेत्रों में कुछ मेडिकल स्टोर्स को आपातकालीन सेवाओं के लिए अधिकृत किया गया है। खैरागढ़ में मदन मेडिकल स्टोर्स 9425522224 फेमस मेडिकल स्टोर्स 9329128420 और ओसवाल मेडिकल स्टोर्स 9424111440 खुले रहेंगे। गंडई में भावेश मेडिकल स्टोर्स 9926147878 फेमस मेडिकल स्टोर्स 9770984999 और प्रीति मेडिकल स्टोर्स (8878009293) सेवाएं देंगे। छुईखदान में जयप्रकाश मेडिकल स्टोर्स 9589698557 और लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स (9827104288) को आपातकालीन दवा व्यवस्था के लिए अधिकृत किया गया है। जिला दवा विक्रेता संघ ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से दवा व्यापार व्यवस्था की समीक्षा कर अवैध ई-फार्मेसी पर नियंत्रण तथा जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page