KCG

10 जून तक चलेगा सुशासन तिहार अभियान, एक माह में होगा शिकायतों का निराकरण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में सुशासन तिहार-2026 का आयोजन 1 मई से 10 जून तक किया जाएगा। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा। इसकी जानकारी जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बताया कि जिले की 221 ग्राम पंचायतों और तीन नगरीय निकायों में आवेदन प्राप्त करने के लिए शिविर लगाए गए हैं। शिविरों में प्राप्त आवेदनों को विभागवार दर्ज कर निराकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रत्येक आवेदन को यूनिक क्रमांक देकर आवेदकों को पावती प्रदान की जा रही है जिससे वे अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 13 और शहरी क्षेत्रों में छह शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविरों के संचालन के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों और मांगों का निराकरण एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री प्रभारी मंत्री और राज्य स्तरीय अधिकारियों के औचक निरीक्षण की संभावना भी जताई गई है। इसके लिए जिला प्रशासन नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर प्रगति की निगरानी करेगा। प्रशासन ने दावा किया कि पिछले वर्ष प्राप्त 96 हजार 582 आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। सुशासन तिहार से संबंधित सभी जानकारियां एनआईसी द्वारा विकसित पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जाएंगी।

साथ ही अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनप्रतिनिधियों सांसदों और विधायकों को भी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इधर प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनगणना-2027 की तैयारियों की जानकारी भी साझा की गई। जिले में 813 मकान सूचीकरण ब्लॉकों का गठन कर सीमांकन की जांच पूरी कर ली गई है। इसके अलावा 696 प्रगणकों और 117 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देकर नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त रिजर्व स्टाफ की भी व्यवस्था रखी गई है। कलेक्टर ने बताया कि हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों की पहचान लेआउट मैप तैयार करने और मोबाइल एप डाउनलोड की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जनगणना को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। एनआईसी के तकनीकी सहयोग से कार्यों की मॉनिटरिंग और गुणवत्ता परीक्षण लगातार किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने सुशासन तिहार-2026 को जनता और प्रशासन के बीच सीधे संवाद तथा त्वरित सेवा वितरण का महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page