गंडई. स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत गंडई द्वारा स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत पीएम श्री स्कूल गंडई एवं कन्या शाला के छात्र-छात्राओं को नगर पंचायत के मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर (एमआरएफ) का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कचरा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया को करीब से समझा और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को जाना।भ्रमण के दौरान नगर पंचायत के अधिकारियों एवं स्वच्छता टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना कचरा प्रबंधन की पहली और महत्वपूर्ण कड़ी है। बच्चों को एमआरएफ सेंटर में सूखे कचरे की छंटाई, उसके पुनर्चक्रण के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया तथा गीले कचरे से खाद तैयार करने की जानकारी दी गई। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और इसके उपयोग से बचने की आवश्यकता के बारे में भी समझाया गया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। बच्चों ने अपने घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा गीले-सूखे कचरे को अलग रखने का संकल्प लिया।
