
गांधीजी के आदर्शों को अपनाने और स्वच्छता का संकल्प लेने का दिया संदेश
खैरागढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती अवसर पर ग्राम पंचायत भरतपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और ग्राम स्वराज के विचारों को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और गांव के विकास में सभी लोग अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने गांव को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के साथ-साथ सामाजिक एकता बनाए रखने तथा ग्राम विकास के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया। इस दौरान सरपंच दिलीप गनवीर, उपसरपंच श्रीमती नेमबाई, सचिव लोकेश कुमार कवर, सह-सचिव तिलक धनकर, पूर्व सरपंच चुड़ावन सिंह, ठाकुर राम, पंच श्रीमती मीना बोमले, पंच श्रीमती ललिता बाई, श्रीमती रवीना सिन्हा, तुलसी राम बोमले, अवध राम, संतराम मंडावी एवं संतरु मडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
