
इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय में साइबर जागृति अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम, OTP, PIN और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की दी समझाइश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के बीच जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा आम नागरिकों और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित साइबर जागृति अभियान के तहत इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1000 विद्यार्थियों ने सहभागिता की है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। इस दौरान फिशिंग OTP फ्रॉड UPI एवं बैंकिंग धोखाधड़ी फर्जी लिंक सोशल मीडिया अपराध साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों के संबंध में विस्तार से समझाया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाइश दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाता संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। साथ ही संदिग्ध अथवा अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें।

विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है। साइबर जागृति अभियान के माध्यम से जिले के स्कूलों महाविद्यालयों विश्वविद्यालयों और आम नागरिकों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। जिला पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
