
बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या कस्टमर केयर बनकर होने वाली ठगी से सावधान रहने की अपील
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना खैरागढ़ पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत आम नागरिकों दुकानदारों विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को बताया कि साइबर ठग अक्सर बैंक अधिकारी पुलिस अधिकारी रिश्तेदार कस्टमर केयर अथवा किसी शासकीय विभाग का कर्मचारी बनकर फोन करते हैं। ऐसे अनजान कॉल पर विश्वास नहीं करना चाहिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि OTP, PIN, CVV ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी बैंक पासवर्ड और UPI PIN किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।

KYC और बिजली बिल के नाम पर भी हो रही ठगी
पुलिस ने नागरिकों को KYC अपडेट बिजली बिल बकाया बैंक खाता बंद होने लोन स्वीकृति नौकरी ऑनलाइन खरीदारी फर्जी निवेश डिजिटल अरेस्ट सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग तथा QR Code/UPI फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के प्रति विशेष रूप से सतर्क किया। पुलिस ने समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध मोबाइल एप को डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी दस्तावेज और फोटो साझा करते समय भी सावधानी बरतने की अपील की गई।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों से कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो घबराने के बजाय तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था को भी तुरंत सूचना दें ताकि ठगी की रकम को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें”
थाना खैरागढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की कि साइबर अपराधों से बचने के लिए स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में नागरिकों की जागरूकता और सतर्कता ही सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।
खैरागढ़ पुलिस का संदेश सतर्क रहें सुरक्षित रहें और साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
खैरागढ़ पुलिस आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

