

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से आरसेटी खैरागढ़ ने विकासखंड खैरागढ़ की ग्राम पंचायत कांचरी में सब्जी खेती एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को उन्नत खेती की तकनीकों से परिचित कर उन्हें कृषि आधारित उद्यम के लिए तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक एवं प्रभारी निदेशक सी.एस. ठाकुर ने कहा कि सब्जी उत्पादन और नर्सरी व्यवसाय ग्रामीण क्षेत्रों में आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी ज्ञान को व्यवहार में लाने और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने का आह्वान किया है। मुख्य अतिथि के रूप में बीपीएम बिहान जनपद पंचायत खैरागढ़ दिनानाथ लिल्हारे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीआरपी अर्जुन पटेल, आईएफसी एंकर ऋतु राज, ग्राम पंचायत कांचरी के सरपंच दयाराम वर्मा, सचिव संजय वर्मा सहित आरसेटी खैरागढ़ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उन्नत सब्जी उत्पादन गुणवत्तापूर्ण बीज चयन पौध तैयार करने की विधि नर्सरी प्रबंधन जैविक खाद के उपयोग तथा फसलों में कीट एवं रोग नियंत्रण संबंधी विषयों पर सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। आरसेटी खैरागढ़ का उद्देश्य ऐसे रोजगारपरक प्रशिक्षणों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनकी स्थायी आजीविका के नए अवसर विकसित करना है।