KCG

जिले में युक्तियुक्तकरण के तहत 148 अतिशेष शिक्षकों की शांतिपूर्ण काउंसलिंग सम्पन्न

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी युक्तियुक्तकरण नीति के अंतर्गत केसीजी जिले में 148 अतिशेष शिक्षकों की पुनः पदस्थापना के लिये जिला स्तरीय काउंसलिंग का सफल आयोजन किया गया। यह काउंसलिंग स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम कन्या विद्यालय खैरागढ़ में कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन में सम्पन्न हुई। इस प्रक्रिया के माध्यम से जिले की 5 पूर्णतः शिक्षकविहीन शालाओं, 90 एकल शिक्षक शालाओं, 2 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों एवं 2 हाईस्कूलों में रिक्त पदों की पूर्ति की गई। इसके साथ ही जिले में अब कोई भी विद्यालय शिक्षकविहीन अथवा एकल शिक्षक संचालित नहीं रहेगा जिससे शिक्षण व्यवस्था को नया बल मिला है। काउंसलिंग में कुल 98 सहायक शिक्षक, 21 व्याख्याता, 8 विज्ञान संकाय शिक्षक, 2 प्रधान पाठक प्राथमिक तथा 19 अन्य शिक्षक सम्मिलित हुये। इस दौरान व्याख्याता वर्ग से एक शिक्षक अनुपस्थित रहे वहीं शिक्षक वर्ग से एक अभ्यर्थी ने स्थान परिवर्तन के लिये असहमति जताई। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी खैरागढ़ रमेंद्र डडसेना तथा छुईखदान से नीलम राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी चयनित शिक्षकों को उनके विकल्पों के आधार पर तत्काल आदेश जारी करते हुये संबंधित विद्यालयों में पदस्थापित किया गया। इस दौरान कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण दुर्ग आर.एल. ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने संपूर्ण प्रक्रिया की शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी सम्पन्नता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये इसे जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page