KCG

बाजार अतरिया में धूमधाम से मना भोजली महोत्सव

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। समस्त लोधी समाज के तत्वावधान में बाजार अतरिया में भव्य भोजली महोत्सव एवं वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपरा की आकर्षक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान विधायक निधि से स्थापित वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। विधायक ने अवंती चौक पर जल्द ही टीन शेड लगाने की घोषणा भी की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने वीरांगना अवंती बाई लोधी के साहस और योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।समारोह में राष्ट्रीय लोधी समाज के उपाध्यक्ष कमलेश्वर लोधी, समाज के संरक्षक भूखन जंघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला अध्यक्ष उत्तम जंघेल, पूर्व जिलाध्यक्ष राजभान लोधी, नीलांबर सिंह वर्मा, सरपंच बिमला वर्मा, हिमांचल सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाज पदाधिकारी मौजूद रहे।

भोजली महोत्सव में पंडवानी, जसगीत, सुवा नृत्य एवं नाच पार्टी की प्रस्तुतियों ने देर रात तक समां बांधे रखा। अतिथियों ने विभिन्न कलाकारों का सम्मान किया। विधायक यशोदा वर्मा ने महिलाओं के साथ सुवा नृत्य में हिस्सा लिया और सिर पर भोजली रखकर चौक तक निकली पारंपरिक यात्रा में भी शामिल हुईं।

विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि भोजली छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। इसे संजोकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोधी समाज की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि समाज शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और समाज के विकास एवं उत्थान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। भोजली विसर्जन के बाद भी सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक चलते रहे। आयोजन में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे बाजार अतरिया में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोक संस्कृति, आस्था एवं परंपरा की मनोहारी छटा देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page