
खैरागढ़ कलेक्टोरेट में अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक स्वर में पढ़ी उद्देशिका
खैरागढ़। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को खैरागढ़ कलेक्टोरेट में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्टर के साथ एक स्वर में हम, भारत के लोग से आरंभ होने वाली उद्देशिका पढ़ी और न्याय, स्वतंत्रता, समता तथा बंधुता के संवैधानिक मूल्यों का स्मरण किया।इस दौरान कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। शासकीय सेवा में इन मूल्यों को अपनाने की शुरुआत नागरिकों के साथ हमारे व्यवहार से होती है। कार्यालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यान से सुनना, उसे सरल भाषा में सही जानकारी देना और उसके आवेदन पर समय से निष्पक्ष निर्णय लेना अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी संविधान के महत्व पर अपने विचार रखे। भारतीय संविधान की उद्देशिका सभी नागरिकों के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के साथ ही प्रतिष्ठा और अवसर की समता का आदर्श सामने रखती है। इसमें व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने के लिए बंधुता बढ़ाने पर भी बल दिया गया है।संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक तिथि की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था।इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पूजा पींचा, देवेश साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


