KCG

शिक्षा विभाग के सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका पर उठ रहे सवाल

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नगर में संचालित एक निजी स्कूल और उससे संबद्ध कोचिंग सेंटर को लेकर स्थानीय नागरिकों के बीच कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का आरोप है कि संस्थान का संचालन प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से डाक विभाग में कार्यरत एक केंद्रीय सरकारी कर्मचारी द्वारा किया जा रहा है जबकि दस्तावेजों में संस्थान किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज बताया जाता है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित कर्मचारी नियमित रूप से स्कूल एवं कोचिंग सेंटर की गतिविधियों में सक्रिय दिखाई देता है। विद्यार्थियों को पढ़ाने से लेकर संस्थान के संचालन संबंधी कार्यों में उसकी भूमिका होने की बात कही जा रही है। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या सरकारी सेवा में रहते हुए उसने विभागीय नियमों के अनुरूप आवश्यक अनुमति प्राप्त की है अथवा नहीं। इधर संस्थान की आधारभूत सुविधाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि स्कूल और कोचिंग सेंटर एक आवासीय भवन में संचालित हो रहे हैं जहां विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त खुला परिसर खेल मैदान वाहन पार्किंग अग्निशमन व्यवस्था आपातकालीन सुरक्षा उपाय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं दिखाई नहीं देती। इसके अलावा संबंधित संस्थान के पंजीकरण मान्यता और अन्य वैधानिक स्वीकृतियों की भी जांच कराने की मांग उठ रही है। शिक्षा से जुड़े मामलों में निर्धारित मानकों और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य माना जाता है। यदि कोई संस्थान आवश्यक नियमों का पालन किए बिना संचालित हो रहा है या कोई सरकारी कर्मचारी सेवा नियमों के विपरीत निजी संस्थान के संचालन में संलिप्त पाया जाता है तो संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेंद्र कुमार सुधाकर ने कहा कि विभाग को अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है और जांच के दौरान किसी प्रकार का नियम उल्लंघन सामने आता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब क्षेत्र के लोगों की निगाह शिक्षा विभाग जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्रवाई पर टिकी हुई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संस्थान का संचालन सभी नियमों के अनुरूप हो रहा है या फिर किसी प्रकार की अनियमितता हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page