KCG

शहीद निकेश यादव की पुण्यतिथि पर पौधारोपण व श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहीद निकेश यादव की पुण्यतिथि पर रविवार को ‘आत्मनिर्भर खैरागढ़’ अभियान के अंतर्गत नगर में पौधारोपण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं, राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, जिला पुलिस तथा जिला स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कोतवाली थाना परिसर में पौधारोपण से हुई जहां अतिथियों ने नीम, कदम एवं रोजिया के पौधे रोपे। इस अवसर पर कुलपति प्रो.डॉ. लवली शर्मा, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम, शहीद निकेश यादव के पिता पुरुषोत्तम यादव तथा थाना प्रभारी अनिल शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय (कैंपस-2) में करंज एवं गुलमोहर के पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिवार के साथ कबीरधाम की पर्यावरण संरक्षण संस्था ‘हरीतिमा’ के सदस्य भी उपस्थित रहे वहीं सिविल अस्पताल परिसर में बीएमओ डॉ.विवेक बिसेन, डॉ.पंकज वैष्णव एवं चिकित्सकों की उपस्थिति में नीम एवं स्पेथोडिया के पौधे लगाकर हरित वातावरण के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन दाऊचौरा स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा के साथ हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों ने शहीद निकेश यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा और कुलपति लवली शर्मा ने शहीद परिवार का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया जबकि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने तिरंगा बैच लगाकर सम्मान व्यक्त किया।

एसपी लक्ष्य शर्मा ने कहा कि शहीद परिवारों के प्रति सम्मान केवल शहादत दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि समाज को वर्षभर उनके त्याग और बलिदान का स्मरण करते हुए उनके प्रति संवेदनशील बने रहना चाहिए। कुलपति प्रो.लवली शर्मा ने कहा कि शहादत दिवस को पौधारोपण जैसे रचनात्मक अभियान से जोड़ना समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला अनुकरणीय प्रयास है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने मदनवाड़ा नक्सली हमले में शहीद हुए सभी 27 पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत संस्था ‘हरीतिमा’ की पहल की भी सराहना की।

ज्ञात हो कि आयोजन में प्रेरणा स्रोत अतिथि के रूप में आमंत्रित हरीतिमा के सेवाभावियों ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। हरे रंग में पहुंची कबीरधाम की हरीतिमा टीम ने पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश दिया। संस्था ‘हरीतिमा’ के महेश सिंह ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी और बताया कि विगत 8 वर्षों में टीम ने रोपे गए 13 हजार पौधों को वृक्ष बनाया है। ‘आत्मनिर्भर खैरागढ़’ अभियान के सदस्य समसुल होदा खान ने स्वच्छता, पौधारोपण एवं जल संरक्षण के लिए किए जा रहे अभियान द्वारा किये जा रहे जनजागरूकता के प्रयासों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सामाजिक कार्यकर्त्ता और अभियान से जुड़े अनुराग शांति तुरे ने देशभक्ति से ओत-प्रोत काव्य प्रस्तुति के साथ किया तथा शिक्षक रूपेश कुमार देवांगन ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकेश गुप्ता, वरिष्ठ पार्षद रूपेंद्र रजक, भाजपा नेता नंद चंद्राकर, जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, समाजसेवी सुशीलकांत पांडेय, सूर्यकांत यादव, पार्षद पुष्पा सिंदूर, विवि के प्रो.राजन यादव, प्रो.नमन दत्त, डॉ.मानस साहू, डॉ.हरिओम हरि, चंद्र प्रकाश गायकवाड़, कौशल जैन सहित पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, विश्वविद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page