KCG

राम मंदिर चढ़ावे में अनियमितता के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के नेतृत्व में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितता के विरोध में जिला मुख्यालय खैरागढ़ में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र सरकार से मामले पर जवाब देने तथा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कार्यक्रम की शुरुआत मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दंतेश्वरी मंदिर से अंबेडकर चौक, राजीव चौक, मस्जिद चौक और अस्पताल चौक होते हुए रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित वित्तीय अनियमितता की जांच की मांग उठाई। रैली का समापन पुनः मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजित सभा के साथ हुआ। सभा को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मयूरी सिंह ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर के चढ़ावे एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कथित मामले ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस विषय पर देश की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए तथा पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वयं को हिंदू समाज का प्रतिनिधि बताने वाले संगठनों को भी इस विषय पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए श्रद्धालुओं के हित में निष्पक्ष जांच की मांग करनी चाहिए। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि श्रद्धालुओं का चढ़ावा उनकी आस्था का प्रतीक है और उसके प्रबंधन में किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने पूरे मामले की न्यायिक जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मयूरी सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष संदीप सिरमौर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार पटेल (छुईखदान), शत्रुहन (मन्नू) चंदेल (गंडई), तेजराम वर्मा (मुढीपार), विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page