
पैसे मांगने से इनकार करने पर आरोपी ने की मारपीट
पुलिस ने डंडा बरामद कर आरोपी को भेजा जेल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक आदतन आरोपी ने युवक और उसके साथी पर डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। मामले में खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार 27 जून को ग्राम खैरबना निवासी कौशल पटेल अपने साथियों के साथ धरमपुरा स्थित शराब भट्टी के पास गया था इसी दौरान बरेठपारा निवासी आदतन आरोपी अमन उर्फ फनीस रजक (19 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ में रखे डंडे से प्रार्थी और उसके साथी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे दोनों घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 254/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में आदतन अपराधियों, असामाजिक तत्वों एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
