Uncategorized

राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय गंडई के विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

गंडई-पंडरिया। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जिले में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय देवी प्रसाद चौबे शासकीय महाविद्यालय गंडई के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य टीएल वर्मा के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम की तैयारी से लेकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने में रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक भागवत राम वर्मा का विशेष योगदान रहा। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में महाविद्यालय के कुल 10 विद्यार्थियों ने प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लिया। इनमें नेहा नेताम, पद्मिनी साहू, कंचन वर्मा, दामिनी, ईश्वरी, परमानंद, सोमन, उमेश, देवचरण एवं किशन शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया और प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उल्लेखनीय है कि राज्योत्सव जैसे आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन करना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामूहिक सहभागिता, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास करने के साथ उन्हें अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page