KCG

जर्जर सड़कों को लेकर जनप्रतिनिधियों का फूटा आक्रोश, पीडब्ल्यूडी के ईई से शिकायत

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। नगर की बदहाल सड़कों को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तिरंगा चौक सहित कवर्धा रोड खैरागढ़ रोड टिकरीपारा रोड और पंडरिया रोड पर जगह-जगह बने गड्ढों से राहगीरों और स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी को लेकर 7 अगस्त को पीडब्ल्यूडी संभाग खैरागढ़ के कार्यपालन अभियंता को लिखित शिकायत की गई है। वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद व विधायक प्रतिनिधि दिलीप ओगरे नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो और वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद तामेश्वर साहू ने संयुक्त रूप से सड़क मरम्मत की मांग उठाई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लंबे समय से सड़कें जर्जर हैं लेकिन विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण और आवश्यक संधारण कार्य नहीं कराया जा रहा है। इसके चलते आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है।

जनप्रतिनिधियों ने PWD के सब इंजीनियर राधेश्याम वर्मा पर जनसमस्याओं को लेकर संपर्क करने पर फोन नहीं उठाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति और मरम्मत संबंधी शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। मामले में उच्च अधिकारियों से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

कांग्रेस नेता ओगरे ने कहा कि सड़कें जनता की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी हैं यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया और विभागीय लापरवाही पर कार्रवाई नहीं हुई तो जनप्रतिनिधि आंदोलन करते हुए पीडब्ल्यूडी कार्यालय का घेराव करेंगे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page