
ग्रामीण परिवारों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM G योजना का औपचारिक शुभारंभ 2 जुलाई को किया जाएगा। इस नई ग्रामीण विकास योजना के जरिए रोजगार सृजन आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को मांग के आधार पर वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण सिंचाई ग्रामीण अधोसंरचना कृषि आधारित कार्य प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा आजीविका संवर्धन जैसे टिकाऊ विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी।योजना में कुल 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं। छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के प्रभावी संचालन के लिए 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने के साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण और गांवों के समग्र विकास को गति देना है। योजना के शुभारंभ के अवसर पर 2 जुलाई को सुबह 11 बजे पान अनुसंधान केंद्र रामपुर नवागांव (छुईखदान) में जन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि पंचायत पदाधिकारी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होंगे। इस दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी 15 दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान तथा समय पर कार्य उपलब्ध नहीं होने पर बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान किया गया है। डिजिटल जॉब कार्ड तकनीक आधारित कार्य प्रबंधन प्रणाली और पारदर्शी भुगतान व्यवस्था के माध्यम से योजना का संचालन किया जाएगा। योजना में ग्राम सभाओं की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाया गया है। ग्राम पंचायतों की विकास कार्ययोजना अब ग्राम सभा की सहमति से तैयार होगी जिससे स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्यों का चयन किया जा सकेगा। इसके अलावा वृक्षारोपण ग्रामीण सड़क निर्माण जल संरक्षण और सिंचाई जैसी परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। सामाजिक अंकेक्षण और डिजिटल निगरानी व्यवस्था के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने योजना के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह योजना ग्रामीण रोजगार आजीविका संवर्धन और गांवों के स्थायी विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

