
युवक की जान बचाने आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज रेफर
युवक के आत्मघाती कदम का कारण अज्ञात
जानकारी मिलते ही पुलिस जुटी मामले की जांच में
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के बकरकट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेरुखदान में बुधवार को एक 18 वर्षीय युवक द्वारा कथित रूप से स्वयं पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी अनुसार ग्राम गेरुखदान निवासी योगेश मरकाम (18 वर्ष) ने अज्ञात परिस्थितियों में अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही साल्हेवारा से एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा ले जाया गया वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में चिंता और चर्चा का माहौल है। फिलहाल युवक ने यह गंभीर कदम किन परिस्थितियों में उठाया इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। मामले में बकरकट्टा थाना प्रभारी आलोक साहू ने बताया कि इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने अथवा जांच में तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों एवं संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

