
स्कूल सहित आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा संदेश
हेपेटाइटिस और डायरिया से बचाव के उपाय बताए
सुरक्षित जीवनशैली, टीकाकरण और स्वच्छता अपनाने की अपील
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से लोगों को हेपेटाइटिस और डायरिया जैसी संक्रमणजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। यह अभियान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) एवं ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी (आरएचओ) ने विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं और ग्रामीणों को हेपेटाइटिस ए, बी, सी एवं ई के संक्रमण व इसके प्रमुख लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच एवं उपचार तथा हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई साथ ही सुरक्षित इंजेक्शन, सुरक्षित रक्त के उपयोग और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में संचालित स्टॉप डायरिया अभियान के तहत भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों और अभिभावकों को साबुन से सही तरीके से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, भोजन की स्वच्छता, शौचालय के नियमित इस्तेमाल तथा डायरिया होने पर ओआरएस और जिंक के महत्व के बारे में जानकारी दी। दस्त होने की स्थिति में बच्चों को पर्याप्त तरल पदार्थ देने तथा बिना विलंब निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराने की सलाह भी दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.शर्मा ने कहा कि जागरूकता, स्वच्छता और समय पर उपचार अपनाकर हेपेटाइटिस एवं डायरिया जैसी संक्रमणजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से समय पर टीकाकरण कराने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
