
वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने शॉल, श्रीफल व स्मृति-चिह्न भेंट कर किया सम्मान

वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए निष्ठा व समर्पण से कार्य करने का आह्वान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वन विभाग में दीर्घ एवं कर्तव्यनिष्ठ सेवाकाल पूर्ण करने पर परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) रमेश कुमार टंडन एवं वानिकी चौकीदार शंकर निषाद के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह ग्राम गातापार जंगल में आयोजित किया गया। समारोह में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वनकर्मियों ने दोनों के उत्कृष्ट सेवाकाल को स्मरण करते हुए उनके योगदान की सराहना की और भावभीनी विदाई दी। खासतौर पर रेंजर श्री टंडन के सेवाभावी कार्यकाल को स्मरण किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त रेंजर रमेश कुमार टंडन एवं वन चौकीदार शंकर निषाद को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थितजनों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करते हुए सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
सेवाकाल के सहयोग को किया याद
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए रेंजर रमेश कुमार टंडन भावुक हो उठे। उन्होंने विभागीय सेवाकाल के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वनकर्मियों से मिले सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वन विभाग में सेवा का लंबा सफर उनके जीवन की महत्वपूर्ण स्मृतियों में सदैव बना रहेगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया। साथ ही वन संपदा एवं वन्यजीवों के संरक्षण के लिए निरंतर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी।
प्रेरक प्रसंगों से समारोह में बांधा समां
समारोह का संचालन उप-वनक्षेत्रपाल लाल हर्ष बहादुर सिंह ने किया। उन्होंने सेवाकाल से जुड़े प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंत में डिप्टी रेंजर अभिषेक देवांगन ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ लाल हर्ष बहादुर सिंह, छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ खैरागढ़ के जिला अध्यक्ष अभिषेक देवांगन, वनपालगण सत्येंद्र वर्मा, कैलाश सिंह (लाऊ), सत्येंद्र निषाद, वन मंडल अधिकारी के स्टेनो श्री रहंगडाले, वन मंडल के वरिष्ठ लेखापाल खिलेश्वर सिंह ठाकुर, वन परिक्षेत्र कार्यालय के लेखापाल शौर्य प्रताप सिंह, वनरक्षिकाद्वय मंजू पटेल, भारती भूआर्य तथा वनरक्षकगण योगेंद्र कोर्राम, रूपेंद्र साहू, मुकुल साहू, शैलेंद्र साहू, योगेंद्र जंघेल, उमेश नगपुरिया, वरुण ठाकुर, शेख सफी, प्रमोद धोटे सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वनकर्मी एवं स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।