
हर तरफ एक साथ गूंजा “वंदे मातरम्”

सत्यमेव न्यूज के लिए आकाश तिवारी खैरागढ़। राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में सामूहिक गायन हुआ जिससे एकता और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण बना। खैरागढ़ जिले में कलेक्टरेट कार्यालय सभाकक्ष में कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें पूर्व विधायक कोमल जंघेल, मीसा बंदी रहे जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता ठाकुर सुभाष सिंह, संसदीय सचिव मंडल के सदस्य चैतेन्द्र तिवारी, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, भुनेश्वरी जीवन देवांगन, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्त्ता डॉ.बिसेसर साहू, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन कर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कलेक्टरेट परिसर में “वंदे मातरम्” थीम पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक यात्रा रचनाकारों का योगदान और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी प्रेरक झलकियाँ प्रदर्शित की गईं। उपस्थित जनों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें लेकर अपने गर्व और देशभक्ति की भावना व्यक्त की। चार चरणों में होगा वर्षभर आयोजन संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह ऐतिहासिक पर्व चार चरणों में वर्षभर मनाया जाएगा।

पहला चरण 7 से 14 नवम्बर 2025, दूसरा चरण 19 से 26 जनवरी 2026, तीसरा चरण 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) और चौथा चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 तक चलेगा। इस दौरान देशभर में शैक्षणिक संस्थानों ग्राम पंचायतों सामाजिक संगठनों और सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। राज्यभर में मंत्रीगण सांसद, विधायक जनप्रतिनिधि और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालयों और महाविद्यालयों में “वंदे मातरम्” विषय पर विशेष सभाएँ निबंध, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ होंगी। साथ ही “वंदे मातरम्” ऑडियो-वीडियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहाँ नागरिक अपनी आवाज़ में राष्ट्रगीत गाकर उसे पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। यह आयोजन राष्ट्रप्रेम एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए जनभागीदारी के माध्यम से एक राष्ट्रीय जनआंदोलन का रूप लेगा।