
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने निकाला बच्चे का शव
दोस्तों के साथ नहाने के लिए जलाशय गया था युवक
खैरागढ़ जलाशय में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने 5 घंटे बाद निकाला शव
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छुईखदान क्षेत्र के रानी रश्मि देवी सिंह जलाशय में नहाने के दौरान 16 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक का पहचान लक्ष्य पाल पिता संजय पाल निवासी भाटापारा छुईखदान के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार बुधवार 3 जून को लक्ष्य अपने दो दोस्तों के साथ जलाशय घूमने गया था। दोपहर करीब 12 बजे तीनों दोस्त जलाशय में नहाने उतरे, तभी लक्ष्य गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह पानी में लापता हो गया। बताया जा रहा है कि दूसरा दोस्त भी डूबने वाला था जिसे तीसरे दोस्त ने जैसे तैसे बचा लिया परंतु लक्ष्य को नहीं बचा पाए। घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इसके बाद एसडीआरएफ दुर्ग और एनडीआरएफ राजनांदगांव की टीम को भी बुलाया गया। दोपहर करीब 1 बजे से शुरू हुए सर्च ऑपरेशन में गोताखोरों और बचाव दल ने लगातार तलाश की। करीब साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद शाम 6:30 बजे लक्ष्य का शव जलाशय से बरामद कर लिया गया। शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है वहीं पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। असमय 16 वर्षीय युवक की मौत के बाद उनके माता-पिता सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।