
सत्यमेव न्यूज गंडई। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गंडई थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव कर अशांति फैलाने वाले तीन युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। जानकारी अनुसार गंडई पुलिस को 2 जून को सूचना मिली कि गंडई बस स्टैंड के पास कुछ लोग शराब के नशे में आम नागरिकों से विवाद कर गाली-गलौज और हंगामा कर रहे हैं। इससे आसपास के क्षेत्र में अशांति का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही गंडई पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रव कर रहे युवकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान उनकी पहचान अरबाज खान (25 वर्ष) व गौकरण जोशी (21 वर्ष) दोनों निवासी गंडई तथा मुक्तानंद धृतलहरे (35 वर्ष) निवासी ग्राम कांशीटोला के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि तीनों व्यक्तियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और लोगों को परेशान करने जैसी गतिविधियां की जा रही थी जिसके चलते उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। युवकों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक या असामाजिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


