KCG

यातायात नियम तोड़ने वालों पर जिला पुलिस की सख्ती जारी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर केसीजी पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। 1 जून से 10 जून 2026 के बीच यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 192 प्रकरण दर्ज किए गए तथा ₹63,100 का समन शुल्क एवं अर्थदंड अधिरोपित किया गया। यातायात पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने, दोपहिया वाहन में तीन सवारी नहीं बैठाने, मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन नहीं करने, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की समझाइश दी जा रही है। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की गई जिसमें बिना नंबर प्लेट वाहन– 47 प्रकरण, तीन सवारी– 44 प्रकरण, बिना हेलमेट– 8 प्रकरण, बिना सीट बेल्ट– 14 प्रकरण, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाना– 3 प्रकरण, शराब पीकर वाहन चलाना– 5 प्रकरण, प्रेशर हॉर्न का उपयोग– 20 प्रकरण, नाबालिग द्वारा वाहन संचालन– 1 प्रकरण, काला शीशा– 1 प्रकरण, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना– 1 प्रकरण, अन्य धाराओं के तहत– 48 प्रकरण दर्ज किये गए है।

पुलिस के अनुसार शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों को न्यायालय खैरागढ़ में प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरणों के निराकरण के बाद संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रस्ताव भी भेजे जा रहे हैं वहीं मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी परिवहन करने वाले चालकों के विरुद्ध भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई लगातार जारी है।

केसीजी पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page