
कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का किया निरीक्षण
एग्रीस्टैक पंजीयन और पीएम आवास के लंबित मामलों की भी समीक्षा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्राम पंचायत कटंगीकला स्वच्छता प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था के कारण जिले में एक उदाहरण के रूप में उभर रहा है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने मंगलवार को ग्राम पंचायत का दौरा कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों के साथ खुली बैठक कर स्वच्छता, एग्रीस्टैक पंजीयन और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में स्वच्छाग्रहियों ने बताया कि गांव में सप्ताह में दो दिन घर-घर से कचरा संग्रहित किया जाता है। इसके बाद स्वच्छता शेड में कचरे का पृथक्करण कर उसका वैज्ञानिक प्रबंधन किया जाता है। चार श्रेणियों में कचरे के पृथक संग्रहण की व्यवस्था भी चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। अधिकारियों ने स्वच्छाग्रहियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनकी आवश्यकताओं और व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर चर्चा की। सरपंच जानकी साहू ने बताया कि ग्राम के 380 परिवारों में से 350 परिवार नियमित रूप से स्वच्छता शुल्क जमा कर रहे हैं। अब तक लगभग 52 हजार रुपये का यूजर चार्ज एकत्र किया जा चुका है, जिसका उपयोग सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और अन्य स्वच्छता गतिविधियों के संचालन में किया जा रहा है। बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने वर्तमान 10 रुपये प्रतिमाह स्वच्छता शुल्क को बढ़ाकर 20 रुपये करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इसी राशि से स्वच्छाग्रहियों का मानदेय, कचरा संग्रहण, परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संचालित होती हैं। ग्रामीणों ने प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन करते हुए स्वच्छता शुल्क बढ़ाने पर सहमति प्रदान की। ग्रामीणों और स्वच्छाग्रहियों ने कचरा संग्रहण वाहन में हॉर्न अथवा स्पीकर लगाने की मांग भी रखी, ताकि वाहन के गांव पहुंचने की जानकारी समय पर मिल सके। अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर यह सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता शेड से संबंधित अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।निरीक्षण के दौरान एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन की भी समीक्षा की गई। सीएससी संचालक ने बताया कि ग्राम के 338 किसानों में से 284 का पंजीयन पूर्ण हो चुका है, जबकि 24 किसानों का निधन हो चुका है और 30 किसान गांव से बाहर होने के कारण पंजीयन नहीं करा सके हैं। कलेक्टर ने शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों का मुद्दा भी उठाया। इस पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने ग्राम सचिव को पात्र हितग्राहियों की सूची का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक बैद्यनाथ वर्मा, पूर्व सरपंच तुलाराम साहू, ग्राम सचिव रूपलाल श्रीवास, रोजगार सहायक टीकम वर्मा, स्वच्छाग्रही, बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

