Uncategorized

मुढ़ीपार में सेवा सेतु शिविर में 355 आवेदन प्राप्त, 315 का हुआ निराकरण

खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मुढ़ीपार में सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में कुल 355 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 315 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ना रहा।शिविर में राजस्व विभाग, कृषि विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। राजस्व विभाग द्वारा राजस्व संबंधी सेवाओं एवं अभिलेखों से जुड़ी जानकारी, कृषि विभाग द्वारा कृषि योजनाओं एवं कृषक हितग्राही योजनाओं, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्रामीण विकास और हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण एवं महिला-बाल कल्याण से संबंधित जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य सेवाओं और विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया वहीं खाद्य विभाग ने राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित सेवाओं की जानकारी दी। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के पंजीयन एवं कल्याणकारी योजनाओं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल संबंधी सुविधाओं तथा विद्युत विभाग द्वारा बिजली सेवाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। संबंधित विभागों के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।समाज कल्याण विभाग द्वारा 3 दिव्यांग हितग्राही को मोटराइज्ड ट्राइसिकल व 1 को व्हील चेयर वितरित की गई जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी और दैनिक गतिविधियों में सहूलियत प्राप्त होगी। शिविर में प्राप्त आवेदनों के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने का अवसर मिला। कुल 355 आवेदनों में से 315 का निराकरण किया गया वहीं शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया। ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने और शासकीय प्रक्रियाओं को आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page