
विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होने की दी सहमति
खैरागढ़। समाज में जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में मनोहर गौशाला खैरागढ़ की एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। आगामी 18 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में मनोहर गोशाला के मुख्य कार्यालय एवं जैविक प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं।कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित करने मनोहर गोशाला खैरागढ़ के ट्रस्टी डॉ.अखिल जैन सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के रायपुर स्थित निवास पहुंचे। इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शुभारंभ समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। डॉ.रमन सिंह ने मनोहर गोशाला में संचालित अनुसंधान गतिविधियों एवं अन्य कार्यों की सराहना की और कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्रदान की।मनोहर गोशाला का जैविक प्रशिक्षण केंद्र समाज में जैविक पद्धतियों के प्रति जागरूकता विकसित करने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली के प्रसार की दिशा में उपयोगी पहल साबित हो सकता है। ऐसे केंद्रों के माध्यम से किसानों, युवाओं और समाज के अन्य वर्गों को जैविक खेती एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की संभावनाएं बढ़ती हैं। मनोहर गोशाला की इस पहल से जैविक कृषि, अनुसंधान और जनजागरूकता से जुड़े प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। 18 अक्टूबर को होने वाला शुभारंभ समारोह इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।