

शिवभक्ति में डूबी संगीत नगरी खैरागढ़
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ के किल्लापारा स्थित श्रीगोपीनाथ मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय महाशिव पुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। स्व.भावना श्रीवास्तव की प्रथम पुण्यतिथि की स्मृति में 18 मई को कलश यात्रा के साथ शुरू हुए आयोजन में प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में सराबोर है। कथावाचक रूपेश कृष्ण शास्त्री शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। कथा में रुद्राक्ष की महिमा, वीरभद्र की उत्पत्ति, सती जन्म, शिव-सती विवाह तथा माता पार्वती के जन्म जैसे प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जा रहा है। कथा स्थल “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज रहा है। इस दौरान विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा सहित कांग्रेस नेताओं ने कथा स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। विधायक वर्मा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। आयोजन के मुख्य यजमान साकेत श्रीवास्तव एवं समृद्धि श्रीवास्तव हैं। आयोजन समिति में विमल कुमार श्रीवास्तव, अन्नपूर्णा श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव और हर्षा श्रीवास्तव सहित अन्य श्रद्धालु सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

