KCG

महाविद्यालय के लंबित भवन निर्माण की मांग को लेकर ठेलकाडीह में दो दिवसीय उपवास करेंगे पूर्व विधायक बघेल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय नवीन महाविद्यालय ठेलकाडीह के स्वीकृत भवन का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के पूर्व विधायक भुवनेश्वर शोभाराम बघेल ने 10 अगस्त से दो दिवसीय उपवास आंदोलन की घोषणा की है। आंदोलन 10 अगस्त (सोमवार) को प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होकर 11 अगस्त (मंगलवार) को शाम 6 बजे तक मिनीमाता चौक ठेलकाडीह में आयोजित किया जाएगा। पूर्व विधायक द्वारा किए जा रहे आंदोलन को लेकर क्षेत्र के जागरूक ग्रामीणों का कहना है कि महाविद्यालय भवन की स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इससे छात्र-छात्राओं को आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है और उच्च शिक्षा की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि भवन निर्माण में लगातार हो रही देरी विद्यार्थियों के भविष्य के लिए चिंता का विषय बन गई है। आयोजकों द्वारा जारी अपील में स्पष्ट किया गया है कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के शिक्षा के अधिकार और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की मांग को लेकर किया जा रहा जनआंदोलन है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के नागरिकों, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं तथा सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की गई है। दो दिवसीय उपवास आंदोलन का नेतृत्व पूर्व विधायक भुनेश्वर शोभाराम बघेल के निर्देशन में होगा जहां ठेलकाडीह क्षेत्र के ग्रामीणों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की व्यापक भागीदारी की संभावना जताई जा रही है। आंदोलन और छात्रों के हित में जायज मांग को लेकर कहा गया है कि प्रशासन एवं राज्य सरकार द्वारा शासकीय नवीन महाविद्यालय ठेलकाडीह के स्वीकृत भवन का निर्माण कार्य बिना विलंब प्रारंभ किया जाना चाहिये। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उच्च शिक्षा के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page