Uncategorized

केकराजबोड़ में विधायक ने किया अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम केकराजबोड़ स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से भरा नजर आया। लोकार्पण कार्यक्रम के साथ ही विद्यालय का वार्षिक उत्सव भी आयोजित किया गया जिसमें विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात विधायक द्वारा रिबन काटकर अतिरिक्त कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विधायक वर्मा ने कहा कि अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और पढ़ाई में सुविधा होगी। उन्होंने ग्रामीण अंचलों में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य सुआ नृत्य एवं देशभक्ति गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर विशेष रूप से खैरागढ़ जनपद पंचायत के अध्यक्ष डॉ.राजेश्री शैलेंद्र त्रिपाठी उपस्थित रही।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page