KCG

जिले में परम्परानुसार सद्भाव से मनाया गया होली का पर्व

सत्यमेव न्यूज/खैरागढ़ जिले में होली का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ सद्भावनापूर्वक मनाया गया. रविवार को होलिका दहन के बाद दूसरे दिन सोमवार को रंगोत्सव की जिले भर में धूम रही, खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में हर वर्ग समुदाय के लोगों ने परंपरा अनुसार होली का पर्व आपसी भाईचारे व सद्भावना के साथ मनाया. रंग-बिरंगे गुलाल के साथ होली के रंग में समूचा खैरागढ़ अंचल सराबोर रहा जिसकी खुमारी दूसरे दिन मंगलवार को भी देखने को मिली. हिन्दू रीति अनुसार श्रद्धापूर्वक होलिका की आहूति देकर पूजा-अर्चना की गई. इस दौरान लोगों ने अपने इष्ट फलों की प्राप्ति के लिये होलिका भ्रमण कर श्रीफल आदि पूजन सामग्रियां भेंट की. प्रशासनिक आदेश के चलते मध्यरात्रि से पहले रात्रि लगभग 10:00 बजे होलिका दहन का कार्यक्रम पूर्ण कर लिया गया जिसके बाद दूसरे दिन धुलेड़ी पर अंचल के बच्चें, बुजुर्ग, युवाओं सहित महिलाओं ने जमकर होली मनाई. लोग आपस में मिलकर एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामना दिये वहीं अपने-अपने घरों में बने व्यंजनों का भी लुत्फ भी उठाये. होली पर्व के दिन सुबह से बच्चें हाथ में पिचकारी लेकर गली-गली घूमते नजर आये वहीं युवा गुलाल से सराबोर होकर फाग गीतों में मचलते ठुमकते दिखे. होली के दिन पारंपरिक रूप से फाल्गुन के उन्माद को व्यक्त करने वाले फाग गीतों की टोलियों में निकले युवाओं ने नगाड़ों की धुन के साथ शमां बांधा. होली की खुमारी तीन दिनों तक लगातार देखने को मिली जिसके चलते शासकीय दफ्तरों में सन्नाटा पसरा रहा.

जिला निर्माण के बाद आचार संहिता के चलते यह पहली होली थी जब होली त्यौहार के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित जिले के लगभग सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस के जवानों की तगड़ी सुरक्षा देखने को मिली और यही वजह है कि होली में कोई भी अप्रिय घटना अथवा वारदात नहीं हुई लेकिन लोग परेशान भी दिखे.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page