
खेत देखने गए थे दोनों युवक, बारिश से बचने पेड़ के नीचे ली थी शरण
दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
सत्यमेव न्यूज जालबांधा। जिले की सीमा से लगे मोहदी चौक के समीप जोगीगुफा खार में शुक्रवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी अनुसार मोहदी निवासी गजराज साहू (23) अपने एक साथी के साथ खेत देखने जोगीगुफा खार गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों युवक एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए।
बिजली की चपेट में आने से गजराज साहू गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई वहीं उसका साथी भी घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। गजराज की मौत की खबर से मोहदी क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पेड़ के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह
बारिश के दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह प्रशासन द्वारा दी जाती रही है। ऐसे समय सुरक्षित एवं पक्के भवन में शरण लेना आकाशीय बिजली से बचाव का सबसे सुरक्षित उपाय है।
