
खैरागढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप दास वैष्णव की अनूठी पहल
निजी आवास में आपसी सहमति से विवादों के निराकरण का होगा प्रयास
न्यायिक सेवा और विधि से जुड़ी रही है परिवार की परंपरा
खैरागढ़। सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों को जीवन का उद्देश्य मानने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप दास ने एक प्रेरणादायी पहल की घोषणा की है। उन्होंने मृत्यु उपरांत अपनी देह चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए दान करने का संकल्प लिया है वहीं अपनी मां के सम्मान में निजी आवास को ‘न्याय मंदिर’ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। यहां आपसी बातचीत और सहमति से सुलझाए जा सकने वाले विवादों के निराकरण के लिए पक्षकारों को एक मंच उपलब्ध कराया जाएगा। शनिवार को समाजसेवियों की मौजूदगी में उन्होंने इन दोनों संकल्पों को सार्वजनिक किया।प्रदीप दास ने बताया कि देहदान का निर्णय उन्होंने अपने पिता स्व.चंद्रमोहन दास की स्मृति में लिया है। पिता के अक्टूबर 1996 में निधन के बाद ही उनके मन में यह विचार आया था कि मृत्यु के बाद भी उनकी देह चिकित्सा शिक्षा और शोध के काम आ सके। लंबे समय से संजोए इस संकल्प को अब उन्होंने सार्वजनिक रूप दिया है।
पिता की न्यायिक सेवा से मिली प्रेरणा
स्व.चंद्रमोहन दास ने वर्ष 1962 में छिंदवाड़ा में सिविल जज के रूप में अपनी न्यायिक सेवा शुरू की थी। उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए न्यायिक दायित्वों का निर्वहन किया। वर्ष 1981-82 में रायगढ़ में कार्यकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद बिलासपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) के पद पर कार्य करते हुए वर्ष 1987 में सेवानिवृत्त हुए। पिता की न्यायिक सेवा, अनुशासन और मानवीय मूल्यों का प्रभाव प्रदीप दास के जीवन में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
1988 से खैरागढ़ में कर रहे विधिक सेवा
7 अगस्त 1959 को जन्मे प्रदीप दास ने वर्ष 1984 में रायगढ़ के स्वामी बालकृष्ण पुरी लॉ कॉलेज से विधि की पढ़ाई शुरू की। बाद में बिलासपुर के कौशलेन्द्र राव लॉ कॉलेज से वर्ष 1986-87 में अंतिम वर्ष की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1988 में खैरागढ़ अधिवक्ता संघ की सदस्यता लेकर उन्होंने यहां विधिक क्षेत्र में अपनी पेशेवर यात्रा शुरू की। उस समय मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल का मुख्यालय जबलपुर में था।
परिवार में भी न्याय और विधि से गहरा जुड़ाव
प्रदीप दास का परिवार लंबे समय से न्यायिक सेवा और विधि के क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उनके छोटे भाई सिविल इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त होने के साथ विधि स्नातक भी हैं। उनकी पत्नी सुनीता दास बिलासपुर हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। बहन शारदा भी विधि की छात्रा रही हैं जबकि उनके जीजा बिलासपुर से राज्य विधिक सेवा से जुड़े अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
संवाद से विवादों का समाधान बनेगा ‘न्याय मंदिर’
अपनी मां को समर्पित इस पहल के तहत प्रदीप दास अपने निजी आवास में ‘न्याय मंदिर’ शुरू करेंगे। इसका उद्देश्य ऐसे विवादों को आपसी बातचीत और समझौते के जरिए सुलझाने का प्रयास करना है, जिनका समाधान पक्षकारों की सहमति से संभव है। इससे लोगों को संवाद का अवसर मिलेगा और अनावश्यक विवादों को लंबा खींचने के बजाय सामाजिक सौहार्द कायम रखने में मदद मिलेगी। देहदान के माध्यम से चिकित्सा जगत को योगदान देने और निजी आवास को सामाजिक न्याय एवं सद्भाव के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रदीप दास का संकल्प सेवा और मानवीय संवेदना की अनूठी मिसाल बनकर सामने आया है जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।