

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सलोनी में नवनिर्मित पीएम आवासों का किया लोकार्पण, हितग्राहियों को मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्राम सलोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना ने रमाबाई और सुदामा के पक्के घर के सपने को हकीकत में बदल दिया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दोनों हितग्राहियों के नवनिर्मित आवासों का उद्घाटन कर उन्हें नए घर की सौगात पर बधाई दी। इस दौरान मंत्री ने हितग्राहियों को मिठाई खिलाई और उपहार भेंट कर उनके नए आवास में सुख-समृद्धि की कामना की। नया पक्का मकान मिलने से दोनों परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। हितग्राही रमाबाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली सहायता से वर्षों से देखा जा रहा पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। आवास निर्माण में शासन से प्राप्त सहयोग के अलावा उन्होंने स्वयं भी करीब 3 लाख रुपए की राशि लगाई। रमाबाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आशियाना उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। योजना की मदद से अब उनका परिवार बेहतर और सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर सकेगा। इस दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हितग्राहियों से आत्मीय बातचीत कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने महतारी वंदन योजना की राशि और उसके उपयोग के संबंध में भी पूछा। रमाबाई ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग किराना सामग्री सहित परिवार की घरेलू जरूरतों को पूरा करने में किया जाता है। मंत्री राजवाड़े ने हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के साथ अपने स्वास्थ्य और परिवार की देखभाल पर विशेष ध्यान देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित सम्मानजनक और बेहतर जीवन की मजबूत आधारशिला देने का माध्यम है। नवनिर्मित आवासों के उद्घाटन के दौरान उन्होंने दोनों परिवारों के उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।