KCG

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सीईओ की सख्ती, समय-सीमा में पूर्णता के निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जनपद पंचायत छुईखदान क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों की जमीनी स्थिति परखने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति गुणवत्ता और उपयोगिता का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत कुकुरमुड़ा स्थित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (FSTP) से हुई। सीईओ ने प्लांट के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि FSTP के प्रभावी संचालन से फीकल स्लज का वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित होगा और ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने निर्माण में निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही। इसके बाद भरदागोड़ और अतरिया ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन बालिका शौचालय एवं CSC सेंटर का निरीक्षण किया गया। सीईओ ने मौके पर कार्य की प्रगति और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बालिका शौचालयों को लेकर उन्होंने विशेष रूप से कहा कि केवल भवन का निर्माण पर्याप्त नहीं है। वहां स्वच्छता पर्याप्त पानी सुरक्षा और नियमित रख-रखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि बालिकाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। वहीं CSC सेंटर के माध्यम से ग्रामीणों को डिजिटल एवं शासकीय सेवाओं की सुविधा सुचारू रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में ग्राम पंचायत अतरिया के कांजी हाउस का भी जायजा लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पकड़े जाने वाले आवारा मवेशियों को यहां रखा जाता है और उनकी देखभाल के लिए चरवाहे की व्यवस्था की गई है। सीईओ ने मवेशियों की देखभाल भोजन-पानी और समुचित प्रबंधन की स्थिति की जानकारी लेते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। सीईओ ने कहा कि मैदानी निरीक्षण का उद्देश्य केवल निर्माण कार्यों की प्रगति देखना नहीं बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं और जनसुविधाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ पूर्ण हो चुकी परिसंपत्तियों के रख-रखाव और उपयोगिता पर भी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण होने वाले विकास कार्य ग्रामीणों के जीवन में सीधा बदलाव लाते हैं। इससे स्वच्छता शिक्षा डिजिटल सेवाओं और अन्य जनसुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ शासकीय योजनाओं के प्रति ग्रामीणों का विश्वास भी बढ़ता है। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम अधिकारी तकनीकी सहायक पंचायत सचिव रोजगार सहायक सहित संबंधित कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page